जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच बुधवार की शाम मानगो थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के पास अज्ञात अपराधियों ने राहुल बच्चा नामक युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल राहुल बच्चा को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

राहुल बच्चा की मौत की खबर फैलते ही मानगो गुरुद्वारा बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग टीएमएच पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। शहर में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।

