जमशेदपुर : मानगो के चर्चित राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शब्बे को गुरुवार तड़के हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने छिपाकर रखे हथियार बरामद कराने के दौरान एक पिस्तौल उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने उसके पैर में दो गोलियां मार दीं। घायल शब्बे को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, राहुल बच्चा की हत्या के बाद शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया था। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में प्रयुक्त दो पिस्तौल मानगो स्थित स्मृति पार्क में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने घटनास्थल पर लेकर पहुंची। बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक एक पिस्तौल उठा ली और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर पर दो गोलियां दागीं, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद मौके से दोनों पिस्तौल बरामद कर ली गईं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी शब्बे ने पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया था। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी। उन्होंने कहा कि राहुल बच्चा हत्याकांड में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान मानगो थाना के सब-इंस्पेक्टर संजय ने आरोपी को गोली मारी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह……
बुधवार की शाम मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार के पास राहुल बच्चा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि शब्बे और उसके साथियों ने पहले राहुल पर पत्थर और चापड़ से हमला किया, फिर उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल बच्चा और शब्बे दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
घटना के बाद राहुल बच्चा के परिजनों ने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में जमकर हंगामा किया। राहुल को देखने अस्पताल पहुंची युवती को भी परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा और उसे वहां से लौटना पड़ा. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड और उसके बाद हुई पुलिस मुठभेड़ से पूरे शहर में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

