जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के घड़ी पार्क के पास मंगलवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवक ने सड़क पर एक महिला और उसकी मां के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद युवक मौके से चला गया। मामले में बिरसानगर बीएड कॉलेज रोड स्थित युवराज इनक्लेव निवासी ईशिका कुमारी ने टेल्को थाना में टेल्को कॉलोनी घड़ी पार्क निवासी और टाटा मोटर्सकर्मी राजेन्द्र पाठक के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. महिला का आरोप है कि राजेन्द्र पाठक ने पहले उससे शादी की, लेकिन अब उसे साथ रखने से इनकार कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दुकान पर मुलाकात, फिर शादी का प्रस्ताव……
ईशिका के अनुसार, बिरसानगर लोयोला बीएड कॉलेज रोड में उसकी राशन की दुकान है। गत 2 अगस्त को राजेन्द्र पाठक दुकान पर सामान लेने आया था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद वह अक्सर दुकान पर आने लगा और ईशिका से शादी करने की बात कहने लगा. महिला का दावा है कि कुछ दिनों बाद राजेन्द्र के माता-पिता भी उसके घर पहुंचे और शादी की बात रखी। इस दौरान शादी के लिए पांच हजार रुपये और कपड़े भी दिए गए।
कोर्ट में आवेदन से मंदिर में शादी तक……
ईशिका के मुताबिक, गत 13 अगस्त को कोर्ट में शादी के लिए आवेदन पर दोनों ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद 3 सितंबर को साकची शीतला मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। महिला का कहना है कि शादी से संबंधित दस्तावेज और अन्य प्रमाण उसके पास मौजूद हैं।
पूजा का सामान लेने निकली थी, घड़ी पार्क में बुलाकर मारपीट का आरोप……
महिला ने शिकायत में बताया है कि वह अपनी मां पूनम देवी के साथ खड़ंगाझार बाजार पूजा का सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान राजेन्द्र पाठक भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने दोनों को घड़ी पार्क के पास बुलाया और अचानक मारपीट शुरू कर दी. ईशिका का आरोप है कि राजेन्द्र ने उसकी मां पूनम देवी को चार-पांच थप्पड़ मारे। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर पटक दिया. घटना के बाद युवक मौके से चला गया। सड़क पर महिला और उसकी मां के साथ मारपीट होते देख आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस…….
घटना के बाद ईशिका ने टेल्को थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शादी से जुड़े दस्तावेजों, दोनों पक्षों के आरोपों और घटना की परिस्थितियों की भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
