जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल एवं दो स्कूटी बरामद की हैं। मामले में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 66/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2)/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06-07 मई की रात्रि करीब 2:30 बजे सिदगोड़ा थाना गश्ती दल एआईडब्ल्यूसी स्कूल के समीप वाहन जांच अभियान चला रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। बाइक पर सवार दो युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपनी पहचान रंजीत दिवर (27 वर्ष) निवासी ओल्ड पुरूलिया रोड, मानगो तथा शेखर प्रमाणिक (27 वर्ष) निवासी बाबूडीह लालभट्टा, सिदगोड़ा के रूप में बताई। पुलिस जांच के दौरान दोनों वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के समीप स्थित एक खाली पड़े खंडहर क्वार्टर में चोरी की दो स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं तथा उसके पार्ट्स खोलकर बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर उक्त स्थान से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वहां से दो चोरी की स्कूटी बरामद की गई, जिनमें से एक स्कूटी के पार्ट्स खुले हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष मुंडा उर्फ गोलू (21 वर्ष) निवासी मुंडीहाडीह कारू भट्ठा तथा राज खान उर्फ आयुष अंसारी उर्फ फिरोज खान निवासी बाबूडीह लालभट्टा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी तथा एक नीले रंग की सुजुकी स्कूटी बरामद की है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी मो. फैज अहमद, पुअनि विकास कुमार, पुअनि राजू लाल स्वांसी, पुअनि सुषांत सुंडी, सअनि दामोदर उरांव, सअनि देवेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
