जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता के समीप जुड़ी रेलवे फाटक पर मंगलवार को तेज रफ्तार ने जानलेवा रूप ले लिया। एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बतायी जा रही है।


















प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाड़ग्राम से एक ही परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने रायरंगपुर जा रहे थे। सभी लोग एक सफेद रंग की कार में सवार थे। इसी दौरान हाता रेलवे फाटक के पास कार की रफ्तार अनियंत्रित हो गई और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित कार पहले रेलवे फाटक के बम्पर से टकराई, इसके बाद आगे बढ़ते हुए सड़क पर चल रहे टाटा मैजिक यात्री वाहन और दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक महिला समेत तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में तीन की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर कुछ समय के लिए सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं घायलों का इलाज जारी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की बड़ी वजह……
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना इस हादसे की मुख्य वजह रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर सावधानी और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
