जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मोनी बाबा मंदिर के सामने बनी गौशाला में शनिवार को अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गौशाला से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका…..
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गौशाला में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग किस वजह से लगी और कितने हिस्से को नुकसान पहुंचा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। राहत की बात यह रही कि आगजनी की इस घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के इलाके में फैलने से रोकने का प्रयास किया गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और गौशाला में हुई क्षति का विस्तृत आकलन जांच के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।
