जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के डिमना-मानगो रोड स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग के पास 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए किए गए अपहरण कांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर लिया है। पुलिस ने अपहृत सीनियर सुपरवाइजर और असिस्टेंट मैनेजर को सकुशल बरामद करते हुए घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बोलेरो वाहन समेत कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी विजय कुमार ओझा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे बिना नंबर प्लेट की सफेद बोलेरो में सवार पांच युवक सिग्नेचर बिल्डिंग के पास पहुंचे और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए सीनियर सुपरवाइजर एवं असिस्टेंट मैनेजर का अपहरण कर लिया और उन्हें बोलेरो में बैठाकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मानगो (ओल्डीह) थाना में कांड संख्या 112/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपहृत कर्मियों को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा घटना में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान……
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सफेद बोलेरो वाहन (नंबर T0126JH2403 A) के अलावा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एप्पल आईफोन, वीवो, सैमसंग, रियलमी और नथिंग कंपनी के स्मार्टफोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी…..
गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर निवासी शिवा गौंड (29), बारीडीह निवासी नितेश गोप (21), आकाश प्रधान (27), मानगो निवासी देवाशीष गोप (27) तथा शैलेश गोप (26) शामिल हैं। सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी…..
पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक पटमदा ने किया। टीम में पु0अ0नि0 विजय कुमार, रविन्द्र पाण्डेय, संतुषल मार्क किरू, स0अ0नि0 नरेन्द्र कुमार राय, रघुनन्दन मुंडा तथा ओल्डीह ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे।



