जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में इन दिनों बदमाशों और चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर नजर आ रहा है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, महज 15 दिनों के भीतर बाराफ्लैट, न्यू बारीडीह, बारीडीह और वर्क्स फ्लैट जैसे रिहायशी इलाकों में चोरी और डकैती की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान करीब 4 घरों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने लगभग 10 से 12 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामान में सोने-चांदी के जेवरात की मात्रा अधिक बताई जा रही है, जिससे यह संकेत मिलता है कि वारदातें सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गईं।
बाइक चोर गिरोह भी सक्रिय, करीब 10 बाइक गायब…….
सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं। पिछले कुछ दिनों में 10 बाइक चोरी होने की बात सामने आई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों का गिरोह इलाके में सक्रिय है और पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल……
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद थाना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो गश्ती में कोई खास बढ़ोतरी हुई है और न ही संदिग्धों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नजर आ रही है।
दहशत में लोग, सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर……
इन घटनाओं के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सिदगोड़ा थाना पुलिस बदमाशों और चोरों पर लगाम लगा पाएगी या फिर इनका आतंक यूं ही जारी रहेगा?
