लखनऊ/फरीदाबाद : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के ‘पावर स्टार’ कहे जाने वाले गायक और अभिनेता पवन सिंह एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। हरियाणा महिला आयोग ने एक्ट्रेस और डांसर अंजलि राघव की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पवन सिंह को समन जारी किया है।



क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद करीब चार महीने पहले लखनऊ में आयोजित एक बड़े स्टेज शो से जुड़ा है। अंजलि राघव का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने उनके साथ मंच पर अभद्र व्यवहार किया और उन्हें गलत तरीके से छुआ। अंजलि ने अपनी शिकायत में बताया कि उस वक्त उन्हें स्थिति समझ नहीं आई, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और पवन सिंह की टीम द्वारा उन्हें लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्होंने कानून का दरवाजा खटखटाया है।
महिला आयोग का सख्त रुख
हरियाणा महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पवन सिंह को 2 अप्रैल 2026 को फरीदाबाद कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि पवन सिंह पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
इधर, अंजलि राघव ने यह भी आरोप लगाया है कि पवन सिंह के समर्थक और उनकी पीआर टीम उन्हें इंटरनेट पर बदनाम करने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, पवन सिंह के प्रशंसकों का कहना है कि यह केवल उन्हें बदनाम करने की एक साजिश है।



