जमशेदपुर। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला नोवामुंडी क्षेत्र का है, जहां एक रेलकर्मी के बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार नोवामुंडी निवासी रेल कर्मचारी सुमंत कुमार प्रधान 27 मई को अपने घर में ताला लगाकर राजखरसावां गए थे। अगले दिन 28 मई की सुबह करीब 11 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी समेत अन्य वस्तुओं की तलाशी ली गई थी।



पीड़ित के अनुसार चोर घर से 32 इंच की एलईडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, ग्राइंडर, 14 ग्राम सोने की चेन तथा 9,400 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संभावित सुराग जुटाने में लगी है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि एक दिन के लिए भी घर बंद छोड़ दिया जाए तो चोर सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग उठने लगी है।



