जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हावड़ा ब्रिज के सामने स्थित भारत पेट्रोल पंप पर गुरुवार की रात सीएनजी भरने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय तुषार कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तुषार की शादी महज दो महीने बाद होने वाली थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है. जानकारी के अनुसार, तुषार पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान गैस का दबाव अधिक होने के कारण सीएनजी पाइप अचानक फट गया। पाइप से जुड़ा नोजल तेज दबाव के साथ उछलकर तुषार को जा लगा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद उसके दोस्तों और अन्य लोगों ने आनन-फानन में तुषार को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि उक्त पेट्रोल पंप के मालिक आरके जैन हैं। हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सीएनजी स्टेशन पर सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था? क्या सीएनजी पाइप और नोजल की नियमित तकनीकी जांच की जाती थी? क्या गैस के दबाव को नियंत्रित करने वाली व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त थी? कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया था या नहीं?
सीएनजी जैसी अत्यधिक दबाव वाली गैस के साथ काम करने वाले प्रतिष्ठान में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में इस हादसे ने पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था, उपकरणों के रखरखाव और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और यह स्पष्ट करे कि हादसा महज तकनीकी खराबी का परिणाम था या फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही भी इसके पीछे कोई वजह रही। यदि सुरक्षा नियमों में किसी प्रकार की चूक सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।
