जमशेदपुर : शहर में बाइक चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की बाइक को ओएलएक्स पर बेचने पहुंचे आरोपी को खुद बाइक मालिक ने पकड़वा दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर साकची थाना पुलिस को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार, साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज के पास से 13 मई को टाटा स्टील के ठेकेदार तथा जेन्को लाइन नंबर-3 निवासी रजनीकांत मिश्रा की मोटरसाइकिल चोरी हो गयी थी। इस संबंध में उन्होंने साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी।



इधर, बाइक चोरी करने के बाद आरोपी ने मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट बदल दिया और पहचान छुपाने के लिए चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ की। इसके बाद बाइक को बेचने के उद्देश्य से ओएलएक्स पर विज्ञापन डाल दिया. बताया जाता है कि जब रजनीकांत मिश्रा की नजर ओएलएक्स पर डाले गये विज्ञापन पर पड़ी, तो उन्हें बाइक पर शक हुआ। उन्होंने ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क किया और बताये गये पते पर मानगो चेपा पुल के पास पहुंच गये। वहां पहुंचते ही वह हैरान रह गये, क्योंकि बिक्री के लिए खड़ी बाइक उनकी ही चोरी हुई मोटरसाइकिल निकली।
इसके बाद उन्होंने बाइक को अपनी बताते हुए वापस करने की मांग की, जिस पर मौके पर विवाद और हंगामा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक बेच रहे शमसाद आलम को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे साकची थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।



