जमशेदपुर/पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नहाने के दौरान एक अज्ञात युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे पटमदा रोड पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना पाकर बोड़ाम थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 6:30 बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
मौके पर मौजूद थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए उसकी तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में साझा की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवक की मौत करीब एक दिन पहले ही डूबने से हो चुकी थी, जबकि शव गुरुवार शाम लगभग 4:30 बजे पानी की सतह पर दिखाई दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान करने का प्रयास जारी है।
