जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर गोलगप्पा ठेला पलटने और दुकानदार को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक चाकू और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि गोलमुरी चर्च के पास स्थित एक गोलगप्पा ठेला को दो युवकों ने पलट दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि ठेले का सामान सड़क पर बिखरा पड़ा है।


पीड़ित दुकानदार कृष्ण प्रसाद ने पुलिस को बताया कि आरोपी दीपक सिंह और सर्वजीत सिंह उर्फ सूरज सिंह आए दिन उससे रंगदारी के रूप में रुपये और शराब की मांग करते थे। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जाती थी। शनिवार शाम करीब 5:40 बजे दोनों आरोपी स्कूटी से पहुंचे और फिर से मांग करने लगे। इनकार करने पर उन्होंने ठेला पलट दिया, जिससे दुकानदार को काफी नुकसान हुआ।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा आकर दुकानदार को धमकाने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम फिर मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक चाकू बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह (34 वर्ष) और सर्वजीत सिंह उर्फ सूरज सिंह (32 वर्ष), दोनों निवासी गोलमुरी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और बरामद स्कूटी (JH05EB-3686) व चाकू को जब्त कर लिया गया है। बताया जाता है कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और कई मामलों में वे पहले से संलिप्त रहे हैं। इस कार्रवाई में गोलमुरी थाना के पुअनि अजीत प्रकाश, पुअनि इन्द्रदेव राम, पुअनि नफी नेयर एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
