सारंडा के दुईआ गांव में दहला देने वाली वारदात, आरोपी के चंगुल से संघर्ष कर बची 35 वर्षीय मंजू गोप; गर्दन पर गहरे चोट के निशान
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वनक्षेत्र से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अंधविश्वास की जड़ें हिला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के दुईआ गांव में एक महिला को कथित तौर पर डायन मानकर उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। घटना 28 अगस्त 2026 की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई. जानकारी के अनुसार, दुईआ गांव निवासी 35 वर्षीय मंजू गोप, पति बुधराम चेरवा, गांव में मजदूरी का काम खत्म करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कथित रूप से घात लगाए बैठे गांव के ही राम गोप उर्फ ऊंतू गोप ने अचानक उस पर हमला कर दिया।

जमीन पर पटककर दबाया गला…..
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। मंजू ने आरोपी से पूरी ताकत के साथ संघर्ष किया और काफी मशक्कत के बाद उसके चंगुल से खुद को छुड़ाकर वहां से भागने में सफल रही. गला दबाए जाने के कारण महिला की गर्दन पर चोट के गहरे निशान उभर आए हैं। घटना के बाद वह बुरी तरह सदमे और भय में है।
मुखिया के घर पहुंचकर सुनाई आपबीती…..
आरोपी से बच निकलने के बाद मंजू गोप सीधे गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के आवास पहुंची। वहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी और अपने साथ हुई वारदात को बताया. पीड़िता का आरोप है कि राम गोप उसे डायन मानता है और इसी अंधविश्वास के चलते उसकी जान लेने की कोशिश की गई। घटना ने एक बार फिर सारंडा क्षेत्र में अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।
आज थाने में देगी नामजद शिकायत…..
पीड़िता 29 अगस्त 2026 को छोटानागरा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत देने की तैयारी में है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. रक्षाबंधन जैसे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व पर महिला के साथ अंधविश्वास के नाम पर हुई इस कथित हिंसा ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
