धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। कारीपानी गांव में जंगल से निकलकर आबादी के बीच पहुंचे एक तेंदुए ने घर में घुसकर तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में तीनों घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। वहीं, बहीगांव में भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है।

घर के बाहर बर्तन धो रही महिला के सामने पहुंचा तेंदुआ…….
मिली जानकारी के अनुसार, कारीपानी गांव में एक महिला अपने घर के बाहर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक एक तेंदुआ गांव में आ पहुंचा। तेंदुए को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद तीन लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों घायल हो गए।
दो घायलों की हालत गंभीर….
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल धमतरी रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
बहीगांव में भी तेंदुआ दिखने की सूचना……
कारीपानी की घटना के बीच बहीगांव में भी गुरुवार सुबह तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। लगातार दो ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी की खबर से लोगों की चिंता बढ़ गई है। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीण अब अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। घरों के आसपास जंगली जानवर की मौजूदगी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता…….
तेंदुए का आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचकर घर के भीतर हमला करना ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल, तेंदुए को पकड़ने और वन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई के संबंध में कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने, तेंदुआ दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की जरूरत है।
