जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 11:07 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक आजाद हिंद एक्सप्रेस से उतरने के बाद अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। जैसे ही वह ट्रेन की छत पर पहुंचा, ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज ओवरहेड तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज धमाके के साथ चिंगारी निकली और युवक बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा।



घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इधर, हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक किन परिस्थितियों में मालगाड़ी पर चढ़ा।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में ट्रेनों या मालगाड़ियों के ऊपर चढ़ने जैसी खतरनाक हरकत न करें।
