मोहनपुर थाना क्षेत्र के जुमनिया जंगल के पास यात्री रोड पर छापेमारी, खरीद-बिक्री करते रंगेहाथ पकड़े गए आरोपी
देवघर : जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मोहनपुर थाना क्षेत्र के जुमनिया जंगल के पास यात्री रोड पर पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,04,990 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधकर्मी जुमनिया यात्री रोड के पास ब्राउन शुगर बेचने और खरीदने वालों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोहनपुर थाना से छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने जुमनिया जंगल के पास यात्री रोड पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को कथित तौर पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते रंगेहाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,04,990 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी……
पुलिस ने हरी मंडल उर्फ हरिहर मंडल (50), गौतम झा (24), राहुल कुमार (22), दीपु यादव (21), लखन मरांडी (25), रंधीर यादव (30) और विकास कुमार (21) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। हरी मंडल उर्फ हरिहर मंडल के खिलाफ कुंडा थाना में वर्ष 2025 में मामला दर्ज है, जबकि मोहनपुर थाना कांड संख्या 06/2026 में NDPS Act की धारा 21(b) के तहत मामला दर्ज होने का भी उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई….
छापेमारी अभियान में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, सअनि राकेश कुमार रंज सहित मोहनपुर थाना के रिजर्व गार्ड के जवान और थाना में उपलब्ध चौकीदार शामिल थे. पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर और नकदी को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
