जमशेदपुर : शहर के चर्चित अपराधी चंदन गिरी हत्याकांड की जांच में नया मोड़ सामने आया है। अब तक पुलिस जहां चंदन की हत्या अपराधियों द्वारा किए जाने की आशंका के आधार पर जांच कर रही थी, वहीं उसकी बहन के बयान के बाद पुलिस ने मामले में पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। चंदन की बहन ने उसकी पत्नी, सास और साले पर हत्या में संलिप्तता का शक जताया है. चंदन की बहन लक्ष्मी कुमारी ने सीतारामडेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए चंदन की पत्नी इशिका कौर, सास राजकुमारी कौर और साला गोलू कौर पर हत्या की आशंका जताई है। प्राथमिकी के बाद पुलिस ने चंदन के ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

बहन ने लगाया शव घर से दूर फेंकने का आरोप……
चंदन की बहन का आरोप है कि उसकी पत्नी और ससुराल के लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की और शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित चबूतरे के पास फेंक दिया। हालांकि, पुलिस अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
गले पर मिले थे चोट के निशान……
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात चंदन अपनी पत्नी को छोड़ने के लिए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के इंद्रानगर स्थित उसके मायके गया था। इसके बाद ससुराल से कुछ दूरी पर उसकी लाश बरामद हुई थी। चंदन के गले पर चोट के निशान पाए गए थे, जिसके बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी. चंदन की पत्नी का कहना था कि चंदन उसे मायके छोड़ने के बाद रात करीब 9:30 बजे वहां से चला गया था। अगले दिन सुबह उसकी लाश मिलने की सूचना मिली।
प्रेम विवाह के बाद सामने आया विवाद का एंगल……
बताया जाता है कि चंदन गिरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में जेल जा चुका था। हालांकि, फिलहाल वह एक दुकान में काम कर रहा था। वर्ष 2026 में चंदन ने इंद्रानगर निवासी इशिका कौर से प्रेम विवाह किया था. बहन के बयान के बाद पुलिस अब पत्नी समेत अन्य ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है। पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल और आरोपों की सत्यता समेत सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। सीतारामडेरा पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
