जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित मिराजेंट के पास 1 जून 2026 को हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना स्थल से फायर किया हुआ खोखा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब तथा तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कार्रवाई के क्रम में 13 जून 2026 को आरोपी तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई। इसी दबाव के कारण मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी ने 22 जून 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुबारक अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध कपाली ओपी (चांडिल) थाना कांड संख्या 218/24 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
यह पूरी कार्रवाई पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने की, जिसमें आजादनगर थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रहने की बात कही है।

