जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड मजार के समीप राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा रोड मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठे से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई राजा कुमार के बयान पर मानगो थाना कांड संख्या-145/2026 दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा तथा अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात में प्रयुक्त हथियार मानगो के जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन रोड नंबर-14 स्थित झाड़ियों में छिपाया गया है। पुलिस टीम जब आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे ने वहां छिपाकर रखी एक देसी लोडेड पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी सब्बे घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों का रहा है लंबा आपराधिक इतिहास……
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, लूट, मारपीट समेत कई संगीन मामलों में पूर्व से अनेक आपराधिक कांड दर्ज हैं। वहीं मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा के खिलाफ भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज रहे हैं।
पुलिस ने बरामद किए ये सामान……
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून का नमूना, खून से सना शर्ट, ईंट, पत्थर, एक जोड़ी चप्पल, अर्द्धजली लकड़ी, खून लगे रुपये तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05 CX 5368) बरामद की है।
इन सबकी हुई गिरफ्तारी…….
- सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे
-
सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली
-
अफताब अली उर्फ बाबा
-
अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय
एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई……
पूरे अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी ने किया। छापेमारी दल में मानगो थाना के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सहित कुल 14 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

