रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी इलाका अशोक नगर में बुधवार देर रात एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। चर्चित बिल्डर निशित केसरी के आवास पर चोरी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर परिसर की जांच के लिए निकला। इसी दौरान मुख्य गेट के समीप राइफल से अचानक गोली चल गई, जो बॉडीगार्ड को ही जा लगी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल बॉडीगार्ड को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने गुरुवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे बिल्डर के आवास पर चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड सतर्क होकर एके-47 राइफल के साथ परिसर की जांच करने निकला। इसी दौरान अचानक गोली चलने से वह स्वयं घायल हो गया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे कोई तकनीकी कारण था या मानवीय चूक। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

