रांची : झारखंड में मानसून के साथ आकाशीय बिजली का कहर भी लगातार जारी है। राज्य के लोहरदगा, लातेहार और कोडरमा जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसों के बाद प्रभावित क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस के अनुसार सबसे अधिक प्रभावित लोहरदगा जिला रहा, जहां अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की जान चली गई और छह अन्य लोग झुलस गए। मृतकों की पहचान कुरू थाना क्षेत्र के सलगी गांव निवासी घुरती उरांव (48) तथा बगरू थाना क्षेत्र के चरहू गांव निवासी आसीदा खातून (40) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार घुरती उरांव अपने पति और बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दूसरी घटना में आसीदा खातून गांव के समीप बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
लोहरदगा के तिसिया नयाटोली में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई, जहां एक मकान में शरण लेने के दौरान तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलस गए। सभी घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है। उधर, लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के पिंडराकोम गांव में 14 वर्षीय किशोरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं कोडरमा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में 26 वर्षीय सोनी कुमारी पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उनकी जान चली गई। इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 जून से अगले पांच दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

