जमशेदपुर : जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या, यातायात अव्यवस्था और लगातार लगने वाले जाम को लेकर टाटा स्टील एवं जिला प्रशासन से ठोस पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन आम नागरिकों से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं अब भी पुराने ढांचे के अनुरूप संचालित हो रही हैं।



सौरभ विष्णु ने कहा कि टाटा स्टील अपने औद्योगिक विस्तार को लगातार आगे बढ़ा रही है, वहीं जिला प्रशासन ने भी समय के साथ अपनी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाया है। पुराने उपायुक्त कार्यालय की जगह नया डीसी कार्यालय और पुराने एसपी कार्यालय के स्थान पर नया पुलिस कार्यालय स्थापित किया गया है। इसके साथ ही प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था का भी विस्तार हुआ है। ऐसे में शहर की ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को भी वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में वाहनों की बढ़ती संख्या को समस्या के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह शहर के विकास का संकेत है। हालांकि पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिसके बाद उन्हें चालान और कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। केवल जुर्माना लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इसके लिए स्थायी और व्यावहारिक व्यवस्था तैयार करनी होगी।
सौरभ विष्णु ने कहा कि टाटा स्टील ने अपने वेंडर कर्मचारियों के लिए न्यू बारी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की है। इसी प्रकार कंपनी को शहरवासियों के लिए भी आधुनिक पार्किंग सुविधाओं के विकास में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते जमशेदपुर के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, व्यवस्थित वाहन स्टैंड और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।
उन्होंने मांग की कि शहर में जिन स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है, वहां शीघ्र मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए। साथ ही प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाए तथा अवैध पार्किंग पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
सौरभ विष्णु ने कहा कि विकास केवल बड़े भवनों, कार्यालयों और उद्योगों के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि तब सार्थक होता है जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी व्यवस्था उपलब्ध हो। उन्होंने टाटा स्टील और जिला प्रशासन से मिलकर शहर की पुरानी यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की अपील की, ताकि नागरिकों को रोजाना जाम और पार्किंग की समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।



