रांची/पलामू : झारखंड के पलामू जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री, रांची की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि परिवार द्वारा उपयोग किए जा रहे सरसों तेल में आर्गेमोन मैक्सिकाना (कटेला) के जहरीले तेल की मिलावट थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे राज्य में सरसों तेल की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है और खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।

जांच रिपोर्ट ने खोली मौत की गुत्थी…..
सिक्का गांव में हुई दर्दनाक घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मृतक परिवार के घर से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। जांच में स्पष्ट हुआ कि तेल में आर्गेमोन (कटेला) के बीज से निकला जहरीला तेल मिलाया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार यह मिलावट मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है और इसके सेवन से गंभीर बीमारी के साथ मौत तक हो सकती है।
थोड़ी सी मिलावट भी बन सकती है जानलेवा……
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सरसों तेल में आर्गेमोन तेल की बेहद कम मात्रा भी पूरे तेल को विषैला बना देती है। इसके सेवन से ड्रॉप्सी (Dropsy) जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है। इस बीमारी में शरीर में सूजन, सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन, हृदय और किडनी पर प्रतिकूल असर जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की जान भी जा सकती है।
सावधान! कहीं आपके घर का तेल भी तो नहीं मिलावटी ?……
विशेषज्ञों ने आम लोगों से सरसों तेल खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
केवल FSSAI लाइसेंस वाले प्रतिष्ठित ब्रांड का पैक्ड सरसों तेल खरीदें।
खुला या बिना लेबल वाला तेल खरीदने से बचें।
असली सरसों तेल में तेज और प्राकृतिक सरसों की खुशबू होती है। गंध असामान्य लगे तो सतर्क हो जाएं।
बाजार भाव से बेहद सस्ता तेल खरीदने से बचें।
तेल का रंग अत्यधिक चमकीला या असामान्य दिखे तो उसकी गुणवत्ता पर संदेह करें।
तेल खाने के बाद परिवार के कई सदस्यों में एक साथ सूजन, कमजोरी, सांस लेने में परेशानी या अन्य असामान्य लक्षण दिखें तो तुरंत उसका उपयोग बंद करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
प्रशासन अलर्ट, जांच अभियान होगा तेज…….
फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री की रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों की तेल मिलों और बाजारों में बिक रहे सरसों तेल की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

