सरायकेला : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध एवं नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी मंगलवार को अचानक आदित्यपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाइक से क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया तथा पूर्व में ब्राउन शुगर हब के रूप में चर्चित मुस्लिम बस्ती में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।

औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ने आम लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की, वहीं असामाजिक तत्वों और अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन अंदरूनी गलियों और सीमावर्ती क्षेत्रों का भी सघन निरीक्षण किया, जहां से नशीले पदार्थों की बिक्री और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की सूचनाएं मिलती रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को संगठित अपराधियों पर कड़ी नजर रखने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद आदित्यपुर थाना में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर एसपी ने क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग तत्काल प्रभाव से बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए बाइक पेट्रोलिंग टीम ‘टाइगर मोबाइल’ की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि थाना क्षेत्र में जवानों एवं कांस्टेबलों की कमी को दूर कर दिया गया है, जिससे पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी।
एसपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता प्रिवेंटिव एक्शन है, ताकि किसी भी अपराध को घटित होने से पहले ही रोका जा सके। इसके अलावा जेल से छूटे अपराधियों तथा विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों बालू और लॉटरी माफियाओं की गतिविधियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक की क्षेत्र पर विशेष नजर और लगातार निगरानी के बीच नए थाना प्रभारी के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

