नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के निमडीह थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथपुर गांव की एक महिला ने निमडीह अंचल अधिकारी अभय रंजन द्विवेदी पर जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज एवं धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित आवेदन सौंपा है। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला कपड़ा आयरन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व अंचल अधिकारी उसके यहां कपड़ा आयरन कराने आए थे। बाद में एक शर्ट खराब होने की बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी। महिला के मुताबिक, इसी विवाद के बाद उसे अंचल कार्यालय में मिलने के लिए बुलाया गया था।
महिला द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 23 जून की शाम अंचल अधिकारी उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस दौरान उसकी जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई तथा उसे और उसके पति को जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
समाजसेवियों ने जताई चिंता, निष्पक्ष जांच की मांग…….
घटना को लेकर क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मामले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में आदिवासी एवं दलित समुदाय से जुड़े लोगों के साथ कथित भेदभाव और दुर्व्यवहार के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। समाजसेवियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
सीओ का पक्ष नहीं मिल सका…..
मामले में अंचल अधिकारी अभय रंजन द्विवेदी का पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई……
फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोप शिकायत पत्र पर आधारित हैं। आरोपों की सत्यता एवं पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।

