बोकारो : Bokaro जिले के चास थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। इस मामले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है. जानकारी के अनुसार चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ निवासी विकास कुमार, जो सशस्त्र सीमा बल में आरक्षी (सामान्य) के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में गृह मंत्रालय के अधीन Kolkata स्थित इंटेलिजेंस ट्रेनिंग स्कूल में तैनात हैं, ने इस संबंध में प्रशासन को आवेदन सौंपा है।
विकास कुमार के मुताबिक उन्होंने अपनी वर्षों की बचत से 30 मई 2025 को चास के सोलागिडीह निवासी दयाल चंद्र महतो के प्रतिनिधि तथा जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी धारक मुकेश कुमार से लगभग 49.21 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। उनका कहना है कि जमीन की कुल कीमत का लगभग 80 प्रतिशत भुगतान कर दिया गया है और जमीन पर उनका कब्जा भी है।
आरोप है कि जब उन्होंने उक्त जमीन पर घर निर्माण का कार्य शुरू कराया, तभी एक व्यक्ति करीब 10 लोगों के साथ वहां पहुंच गया और खुद को जमीन का मालिक बताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस दौरान गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. इस पूरे मामले को लेकर जवान ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने और जमीन विवाद का समाधान कराने की मांग की है।
