ओडिशा के बालासोर में तड़के वारदात, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस थार सवार आरोपियों की तलाश में जुटी
बालासोर (ओडिशा): ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार तड़के एटीएम लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एटीएम से नकदी निकालने के बजाय पूरी मशीन को ही उखाड़ लिया और उसे थार वाहन से घसीटते हुए सुनसान स्थान पर ले जाकर तोड़ दिया। इसके बाद मशीन में रखी नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब दो बजे खैरा थाना क्षेत्र के तुदीगड़िया बाजार स्थित एक एटीएम कियोस्क में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पांच से अधिक बदमाश काले रंग की महिंद्रा थार से मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले एटीएम कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और फिर रस्सी की मदद से पूरी एटीएम मशीन को वाहन से बांध दिया. इसके बाद आरोपियों ने थार को आगे बढ़ाया, जिससे एटीएम मशीन अपनी जगह से उखड़ गई। बदमाश मशीन को सड़क पर घसीटते हुए काफी दूर स्थित एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसे तोड़कर अंदर रखी नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन सड़क किनारे छोड़ दी।
घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में एटीएम मशीन थार के पीछे बंधी हुई सड़क पर घिसटती दिखाई दे रही है। पुलिस के लिए यही फुटेज जांच का सबसे अहम सुराग माना जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एटीएम में कुल कितनी नकदी थी और बदमाश कितनी राशि लेकर फरार हुए। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद नकदी का आकलन कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि रात के समय पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है. खैरा थाना पुलिस ने सड़क किनारे छोड़ी गई क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन को बरामद कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार वाहन तथा उसमें सवार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

