जमशेदपुर : युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक शूटर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी और घेराबंदी की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान हत्याकांड के साजिशकर्ता तक पहुंचने के बाद पूरे मामले की कड़ियां खुलती चली गईं। साजिशकर्ता के मोबाइल फोन से पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने रेकी करने वाले तीन युवकों समेत वारदात में अलग-अलग भूमिका निभाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मोबाइल से खुले हत्याकांड के राज…..
जांच में पुलिस को साजिशकर्ता के मोबाइल से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर हत्याकांड से जुड़े लोगों की भूमिका सामने लाई। पुलिस के अनुसार, निखार सबलोक की हत्या के बाद आरोपी बुंडू के रास्ते बिहार की ओर फरार हुए थे। इस दौरान टोल प्लाजा पर उनकी लाल रंग की कार भी नजर आई थी। पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों को ट्रैक किया।
सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप……
जांच में यह बात सामने आई है कि निखार सबलोक की हत्या सुपारी देकर कराए जाने की आशंका है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के लिए बिहार के अपराधी को कथित तौर पर भाड़े पर बुलाया गया था। वारदात से करीब एक सप्ताह पहले से शूटर जमशेदपुर में मौजूद थे।
सोनारी के दो युवकों ने कराई थी रेकी……
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सोनारी के दो अपराधियों ने शूटरों को निखार सबलोक की रेकी कराई थी। उनकी पहचान कराने से लेकर गतिविधियों की जानकारी देने तक की जिम्मेदारी इन्हीं लोगों ने संभाली थी। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले कदमा स्थित विजया हेरिटेज में हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन वहां की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए योजना बदल दी गई. इसके बाद हाइवे किनारे स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल को वारदात के लिए चुना गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपराधियों को लगा कि होटल अपेक्षाकृत सुरक्षित है और वारदात के बाद वहां से भागना भी आसान होगा।
जमीन की डीलिंग के सिलसिले में होटल जाते थे निखार…..
जांच के मुताबिक, निखार सबलोक पिछले करीब तीन दिनों से जमीन की डीलिंग के सिलसिले में टेंथ माइल स्टोन होटल में बैठक के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने मौका पाकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस ने एक शूटर समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे शूटर की तलाश जारी है। पुलिस की ओर से हत्याकांड का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है। संभावना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
