सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अलबेला गार्डन के पास सोमवार रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान जिशान अफताब के रूप में हुई है। आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने ही युवक पर चाकू से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया. घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है। हमले में गंभीर रूप से घायल जिशान को आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टीएमएच रेफर कर दिया।

मिलने के दौरान दोनों को देख लिया, फिर शुरू हुआ विवाद….
जानकारी के अनुसार, जिशान की प्रेमिका ने ही उसे मिलने के लिए अलबेला गार्डन के पास बुलाया था। दोनों बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान प्रेमिका के भाई की नजर दोनों पर पड़ गयी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने जिशान पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस के अनुसार, घायल जिशान, उसकी प्रेमिका और घटना का आरोपी सभी एक ही बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात……
घटना की सबसे अहम कड़ी सीसीटीवी फुटेज बनी है। अलबेला गार्डन के सामने स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गयी है। फुटेज में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण दृश्य सामने आये हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर घटना के क्रम और हमले में शामिल आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
