जमशेदपुर : त्योहारों के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरसानगर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 29 पुड़िया में कुल 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, एक पोको मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 22 अक्टूबर की शाम बिरसानगर जोन नंबर-3 स्थित सृष्टि गार्डन के आसपास छापेमारी की। इस दौरान कथित रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन मुंडा उर्फ गुंडा (23), विकास दास (26) और आकाश दास (23) के रूप में हुई है। तीनों बिरसानगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
आदित्यपुर से लाकर बेचने का आरोप…….
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोशन मुंडा ने आदित्यपुर से ब्राउन शुगर खरीदकर बिरसानगर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में बेचने की बात बताई। मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले…….
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। विकास दास के खिलाफ चोरी और गृहभेदन से जुड़े मामले, आकाश दास के खिलाफ चोरी एवं गृहभेदन के मामले और रोशन मुंडा के खिलाफ चोरी तथा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है. छापेमारी दल में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी मंटु कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की ओर से त्योहारों के दौरान अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।


