जमशेदपुर : टिनप्लेट प्रोजेक्ट साइट पर शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को Engineering & Projects (E&P) के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक मेसर्स पुरनमल का कर्मचारी बताया गया है और वह प्रोजेक्ट साइट पर कार्यरत था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्मचारी Mobile Elevating Work Platform (MEWP) के मेंटेनेंस कार्य में जुटा था। इसी दौरान वह मशीन के बूम और बूम स्टैंड के बीच मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसी समय ऑपरेटर द्वारा मशीन के बूम को नीचे किया जा रहा था। इसी दौरान कर्मचारी बूम की चपेट में आ गया. हादसे में कर्मचारी का सीना बूम और बूम स्टैंड के बीच बुरी तरह दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को दी गई। घटना के बाद प्रोजेक्ट साइट पर सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर तक किया गया था, इन पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस एवं संबंधित विभाग की ओर से घटना से जुड़े अन्य विवरणों की पड़ताल की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्र में कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनरी के संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
