अगरतला : त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ (60) सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय के वॉशरूम में फंदे से लटके मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर 12:48 बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित पैतृक निवास ले जाया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है, जो वर्तमान में कनाडा में रहता है. घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रहा है।
इस बीच घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने दावा किया कि डीजीपी अनुराग धनखड़ मानसिक दबाव में थे। वहीं कांग्रेस विधायक सुदीप बर्मन ने कहा कि देश में पहली बार डीजीपी रैंक का कोई अधिकारी अपने कार्यालय में मृत मिला है। उन्होंने मामले की हाईकोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौत के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। मजिस्ट्रियल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
