जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खुली टोकरी में दो जहरीले कोबरा सांप दिखाई दिए। स्टेशन परिसर के बाहर खुले में सांपों के मिलने की सूचना फैलते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।



जानकारी के अनुसार कुछ सपेरे दो अलग-अलग टोकरी में कोबरा सांप छोड़कर वहां से चले गए थे। दोनों टोकरी का ढक्कन खुला हुआ था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। घटना के समय स्टेशन परिसर के बाहर बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय लोग मौजूद थे। जहरीले सांपों को देखते ही लोग सुरक्षित दूरी बनाकर पीछे हट गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही शहर के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर स्नेक बॉय छोटू को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही छोटू मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी के साथ दोनों सांपों का रेस्क्यू किया। उन्होंने सतर्कता बरतते हुए दोनों कोबरा सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई।
स्नेक बॉय छोटू ने बताया कि बरामद किए गए दोनों सांप कोबरा प्रजाति के थे, जिन्हें स्थानीय भाषा में “गेहूंअन सांप” कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कोबरा अत्यंत विषैले होते हैं और खुले में इनके होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से संभावित खतरा टल गया. उन्होंने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर दोनों सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह जहरीले सांप छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का अनुमान है कि सपेरे ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे होंगे, लेकिन कार्रवाई के डर से सांपों को स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए।



