जमशेदपुर : राष्ट्रीय जनता संघ द्वारा सीतारामडेरा स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित दो दिवसीय रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 6 एवं 7 जून को आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न क्रिकेट टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना, अनुशासन तथा आपसी सौहार्द का परिचय दिया. टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।



टूर्नामेंट के प्रथम दिवस शहर के वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक, पूर्व जिला खेल संयोजक, राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी अधिकारी एवं खेल उद्बोधक श्याम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। खेल जगत में उनके 43 वर्षों के उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय जनता संघ की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया।
राष्ट्रीय जनता संघ के संस्थापक शंकर जोशी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और संगठन भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
समापन समारोह में संगठन के कार्यकर्ता महावीर, अरुण दास, अरुण सरकार सहित धीरज, अमन, लड्डू, तनीश, डुग्गू, राजबीर, रवि राव, सूरज जायसवाल, शुभम, जित्तू, ऋतिक राम, राहिल, राजा, संदीप, हीरालाल, चंदन कुमार एवं आकाश प्रसाद समेत अन्य युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संगठन की ओर से कहा गया कि युवाओं के सहयोग, समर्पण और अथक परिश्रम के कारण ही इस क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका। राष्ट्रीय जनता संघ ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



