जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में पति द्वारा किए गए जानलेवा हमले से गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल बताया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर बापी मंडल ने घर में रखे खलबट्टे से गीता के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी शादी, पुराने विवाद और बढ़ता तनाव……
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में होटल का संचालन करता है। बताया जाता है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के पहले विवाह से दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थी।
पुलिस को दिए गए बयान में बापी मंडल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था और मामला उलीडीह थाना तक पहुंचा था, जहां समझौता कराकर दोनों को वापस भेज दिया गया था।
फिर भड़का विवाद, चली जान…..
बताया जाता है कि मंगलवार रात एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई। बहस बढ़ने पर आरोपी ने आपा खो दिया और खलबट्टे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गीता की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



