जमशेदपुर : गोलमुरी बाजार स्थित फूड प्लाजा परिसर में श्री श्री राजस्थान सार्वजनिक पूजा कमेटी की ओर से लगातार 45वें वर्ष आयोजित होने वाली शिव-पार्वती पूजा को लेकर सोमवार को विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूजा स्थल की धार्मिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार, कमेटी अध्यक्ष कमल लड्डा और सत्यनारायण अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. भूमि पूजन के दौरान पंडित सोमेन मुखर्जी के वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

45 वर्षों से आस्था का केंद्र बनी शिव-पार्वती पूजा……
कमेटी अध्यक्ष कमल लड्डा ने कहा कि गोलमुरी में पिछले 45 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही शिव-पार्वती पूजा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है। इतने लंबे समय से पूजा का निरंतर आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की श्रद्धा एवं समर्पण को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या और कल्याण के प्रतीक हैं, जबकि माता पार्वती शक्ति, श्रद्धा और नारी सम्मान की प्रतीक हैं। शिव-पार्वती की आराधना समाज को प्रेम, समर्पण, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों का संदेश देती है।
धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का माध्यम : दिनेश कुमार…..
दिनेश कुमार ने 45वें वर्ष की पूजा के आयोजन के लिए कमेटी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती से प्रार्थना करते हुए कहा कि गोलमुरी समेत पूरे जमशेदपुर में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बना रहे तथा सभी परिवारों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे. भूमि पूजन के अवसर पर कमेटी के कैलाश पटवारी, शंकर अग्रवाल, कमल गुप्ता, बंटी अग्रवाल, प्रोबीर चटर्जी राणा, धन्ना अग्रवाल, रामअवतार, ओमप्रकाश, खन्ना, मनोज खत्री, अमरेंद्र सिंह, संदीप अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, विक्की लड्ढा, संजय अग्रवाल, मिहित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, मामराज गुप्ता समेत अन्य सदस्य, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
