जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में की गई 29 रुपये की वृद्धि का कड़ा विरोध किया है। पार्टी ने इसे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बताते हुए केंद्र सरकार के निर्णय को जनविरोधी करार दिया है।



प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने जारी बयान में कहा कि एक ओर देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुओं, विशेषकर एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि कर आम लोगों की परेशानियां बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस फैसले का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे। सरकार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का पूरा बोझ सीधे जनता पर डालने के बजाय राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए।
प्रताप कुमार यादव ने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें न्यूनतम स्तर पर थीं, तब तेल कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया, लेकिन अब कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का प्रतिकूल प्रभाव उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों सहित सभी उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने तथा आम जनता को महंगाई से राहत प्रदान करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और सरकार को जनहित में त्वरित कदम उठाने चाहिए।



