जादूगोड़ा : जेबीसी मेचुआ के तत्वावधान में आगामी 16 मई को मेचुआ जूनियर ग्राउंड में एक दिवसीय फ्लड लाइट (डे-नाइट) फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों के भाग लेने की सीमा निर्धारित की है।



आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता शाम के समय फ्लड लाइट में खेली जाएगी, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को रोमांचक माहौल का अनुभव मिलेगा। टूर्नामेंट के विजेता टीम को 30 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक Sanjeev Sardar मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।
आयोजन समिति के सदस्य बुसको ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार किए जा रहे हैं। इस बार टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने के लिए फ्लड लाइट की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता में टीम पुरस्कारों के अलावा मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, हाइएस्ट स्कोरर और बेस्ट गोलकीपर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे। साथ ही सभी भाग लेने वाली टीमों के लिए विशेष सरप्राइज पुरस्कार की भी व्यवस्था की गई है। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार प्रत्येक टीम में पांच खिलाड़ी होंगे और मैच की अवधि 20 मिनट निर्धारित की गई है। मैच बराबरी पर समाप्त होने की स्थिति में विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से किया जाएगा. आयोजन समिति ने इच्छुक टीमों से निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है।
