जमशेदपुर : ऑल इंडिया लॉयर्स कौंसिल के झारखंड प्रदेश सचिव गुड्डू हैदर ने मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2025 के तहत अपने एवं अपने परिवार के नाम का समय पर सत्यापन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में जिन मतदाताओं का निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुनरीक्षण नहीं होगा, उनका नाम मतदाता सूची से हट सकता है और वे भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सावधानीपूर्वक भरें, सभी जानकारियों का मिलान करने के बाद 29 जुलाई से पहले इसे बीएलओ के पास जमा कर दें। उन्होंने मतदाताओं से इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की अपील की।
गुड्डू हैदर ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में इस प्रक्रिया को लेकर कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों को आशंका है कि इस प्रक्रिया की आड़ में वास्तविक नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय के लोगों, को उनके मौलिक, संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में सभी नागरिक पूरी सतर्कता और जागरूकता के साथ इस प्रक्रिया में भाग लें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार संविधान द्वारा प्रदत्त एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है। इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपने परिवार, रिश्तेदारों, पड़ोसियों तथा राज्य से बाहर रह रहे झारखंड के मतदाताओं तक भी यह संदेश पहुंचाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे. अंत में उन्होंने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा कराना न केवल मताधिकार की रक्षा करेगा, बल्कि लोकतंत्र को भी और अधिक मजबूत बनाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं जागरूक बनने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

