जमशेदपुर : सोनारी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण मानवीय पहल की शुरुआत की गई है। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के सौजन्य एवं सहयोगियों के सहयोग से निःशुल्क शव मुक्ति धाम वाहन सेवा का शुभारंभ वीर मंच मैदान, सोनारी से किया गया. इस सेवा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उनके दिवंगत परिजनों की अंतिम यात्रा के लिए निःशुल्क वाहन उपलब्ध कराना है। पहल के माध्यम से प्रयास किया जाएगा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी परिवार को अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार में अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े. इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि किसी अपने को खोना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक क्षण होता है। ऐसे समय में अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी परिजनों के लिए चुनौती बन जाता है। इसी मानवीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है, ताकि आर्थिक परेशानी किसी परिवार की अंतिम यात्रा में बाधा न बने।

सोनारी कांग्रेस मंडल करेगा संचालन……
निःशुल्क शव मुक्ति धाम वाहन सेवा का संचालन कांग्रेस पार्टी सोनारी मंडल, जमशेदपुर द्वारा किया जाएगा। मंडल की ओर से जरूरतमंद परिवारों तक सेवा पहुंचाने तथा आवश्यकता के समय यथासंभव तत्काल सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल को मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशील जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वक्ताओं ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही समाज के प्रति सच्ची जिम्मेदारी है. कांग्रेस सोनारी मंडल की ओर से इस जनसेवा को संभव बनाने के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया गया। मंडल ने कहा कि सेवा का लाभ सोनारी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ये रहे मौजूद…….
शुभारंभ कार्यक्रम में हरेंद्र सिन्हा, अर्जुन लाल शर्मा, रामदेव राम, अनूप डेनियल, राजेश अड़के, मुन्ना यादव, कृष्ण लाल लोधी, लक्ष्मण यादव, शंभू ठाकुर, रणजीत सिंह, मिशेल अनीता ईयर, वीरेंद्र वर्मा, मनीष सिंह, किशोर यादव, देवेंद्र प्रसाद सिंह, बबुआ झा, संजय तिवारी, प्रभात ठाकुर, बबन शुक्ला सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं सोनारी कांग्रेस मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
