जमशेदपुर : वीर भगत सिंह फैंस क्लब, बजरंगनगर पहाड़ी की ओर से आयोजित गणेश पूजा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। पूजा के लिए तैयार किए गए भव्य पंडाल का उद्घाटन भाजपा महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, क्लब के सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे. उद्घाटन के अवसर पर दिनेश कुमार ने भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि गणेश पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक भावना विकसित होती है।


दिनेश कुमार ने कहा, “जहां आस्था होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा होती है और जहां युवा एकजुट होते हैं, वहां समाज के विकास की नई राह बनती है। भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्न दूर करें और क्षेत्र में सुख-समृद्धि लाएं।” उन्होंने वीर भगत सिंह फैंस क्लब के सदस्यों को आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने लोगों से पूजा के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की. इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
