जमशेदपुर : जन सेना पार्टी ने झारखंड में संगठन विस्तार को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। पार्टी की ओर से 1 मार्च से 27 अप्रैल 2026 तक राज्यभर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी नेताओं ने बताया कि झारखंड में संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक अपनी नीतियों को पहुंचाने के उद्देश्य से यह सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। इससे पूर्व 27 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे जमशेदपुर के पुराना कोर्ट परिसर में आमंत्रण सभा आयोजित की गई, जहां अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
नेताओं का कहना है कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पार्टी को अपने सिद्धांतों और जनहितकारी नीतियों के कारण व्यापक समर्थन मिला है। अब इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर झारखंड में संगठन को सशक्त किया जाएगा।
पार्टी ने झारखंड के विकास, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, पलायन रोकने और राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। नेताओं ने आम जनता से अपील की है कि वे सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और राज्य में सकारात्मक बदलाव की दिशा में योगदान दें।
