रांची : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस पदकों की सूची जारी की है। इस बार झारखंड पुलिस के लिए गौरव की बात है कि पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार सिन्हा को पुलिस सेवा में विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के आठ पुलिसकर्मियों को उनकी सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है. हालांकि, इस वर्ष झारखंड के किसी भी पुलिस अधिकारी या जवान को वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल) नहीं मिला है। इसके बावजूद IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक मिलना राज्य पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह सम्मान लंबे समय तक उत्कृष्ट, जिम्मेदार और उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

आठ पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक……
झारखंड पुलिस के आठ कर्मियों को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया है। सम्मान पाने वालों में विभिन्न स्तर के पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल हैं। सूची के अनुसार कांस्टेबल औरंगजेब खान, कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल पूर्ण बहादुर सिंह और हेड कांस्टेबल नंद किशोर महतो को पदक प्रदान किया गया है. इसके अलावा हवलदार योगेंद्र कुमार दास, कांस्टेबल अनिता तिर्की और सहायक उप निरीक्षक पंकज कुमार राय को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया है।
सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को राष्ट्रीय पहचान…..
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर वर्ष देशभर के पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों को उनकी वीरता, विशिष्ट सेवा तथा सराहनीय कार्यों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पदक प्रदान किए जाते हैं। इन सम्मानों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उल्लेखनीय सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है. झारखंड के लिए इस बार वीरता पदक भले ही किसी पुलिसकर्मी को नहीं मिला, लेकिन IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक और आठ पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक मिलना विभाग के लिए सम्मान की बात है। स्वतंत्रता दिवस से पहले जारी हुई यह सूची झारखंड पुलिस के अधिकारियों और जवानों की सेवा एवं समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को दर्शाती है।




