जमशेदपुर : तेली साहू समाज, गोलमुरी क्षेत्र की ओर से रविवार को केबुल बस्ती स्थित सी.पी. समिति विद्यालय सभागार में कर्मा महोत्सव सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने माता कर्मा एवं माता राजिम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान हाल ही में दिवंगत पंडवानी की सुप्रसिद्ध लोकगायिका पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद समाज के बच्चों एवं युवाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. अपने संबोधन में पूर्णिमा साहू ने कहा कि कर्मा महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और समाज की एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं दिनेश कुमार ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सेवा और आपसी सहयोग की भावना से समाज निरंतर आगे बढ़ सकता है।
समारोह में गोलमुरी क्षेत्र के अध्यक्ष खेमलाल साहू एवं महामंत्री गिरधारी साहू ने साकची, सोनारी और जुगसलाई से आए समाज के पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन महिला उपाध्यक्ष नीतू साहू ने किया. इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू, केंद्रीय महामंत्री रामनरेश साहू, महिला अध्यक्ष जया साहू, हेमा साहू, खेमलाल चौधरी, गंगा प्रसाद साहू सहित समाज के वरिष्ठजन, महिला एवं युवा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे।

