देवघर : श्रावण माह में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से करणी सेना द्वारा देवघर के रांगा मोड़ स्थित सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि अरविंद सिंह, मनोज सिंह, ध्रुव सिंह एवं संजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम के संयोजक प्रेम सिंह ने बताया कि यह सेवा शिविर पूरे श्रावण माह तक 24 घंटे संचालित रहेगा। शिविर में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क जलपान, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम की समुचित व्यवस्था, भजन-संध्या सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लंबी यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि करणी सेना प्रत्येक वर्ष श्रावण माह में सेवा शिविर का आयोजन कर कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा करती रही है। संस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है और भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा. इस अवसर पर प्रेम सिंह, विजय प्रताप, रूपेश सिंह, संजय सिंह समेत करणी सेना के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की पूरी श्रद्धा और समर्पण भाव से सेवा करने का संकल्प लिया।
