जमशेदपुर : खुशी जोहार फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को फाउंडेशन की अध्यक्ष, भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया. शिविर में ब्रह्मानंद अस्पताल, जमशेदपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. देबदुत सोरेन ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर में कुल 27 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि पिछले कई वर्षों से प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को नियमित रूप से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है. इस अवसर पर डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई लोग समय पर चिकित्सकीय परामर्श नहीं ले पाते हैं। ऐसे लोगों को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन की ओर से नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। समय रहते बीमारी की पहचान और उचित चिकित्सकीय सलाह से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे. फाउंडेशन ने आने वाले दिनों में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को और व्यापक करने की प्रतिबद्धता जताई। शिविर में पहुंचे लोगों ने नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए फाउंडेशन एवं चिकित्सकों के प्रति आभार जताया. शिविर के आयोजन में संतोष मुर्मू, शिवा टुडू एवं रघुवंश मिश्रा का सहयोग रहा।
