जमशेदपुर : मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर किए गए प्रयासों को सफलता मिली है। रेलवे बोर्ड ने संतरागाछी-टाटानगर-जयपुर सीधी ट्रेन सेवा के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है।



मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के कोषाध्यक्ष सन्नी संघी ने कहा कि जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का विषय है। वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को साकार करते हुए रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि विगत दिनों लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के जमशेदपुर आगमन के दौरान भी मारवाड़ी समाज ने इस विषय को गंभीरता के साथ उनके समक्ष रखा था।
टाटानगर एवं आस-पास के क्षेत्रों में राजस्थान मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है, जो धार्मिक, पर्यटन एवं शिक्षा के लिए अक्सर राजस्थान की यात्रा करते हैं। जयपुर, जोधपुर, अजमेर शरीफ, खाटूश्याम, सालासर, झुंझुनू, कोटा जैसे स्थानों के लिए यात्रियों को अब अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहने या लंबी दूरी के वैकल्पिक मार्गों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान का कोटा शहर भी महत्वपूर्ण बन गया है, जहां पढ़ाई के लिए यहां के युवा बड़ी संख्या में जाते हैं।
इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मारवाड़ी सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जमशेदपुर लोकसभा सांसद श्री बिद्युत वरण महतो, एवं जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा विधायक पूर्णिमा साहू का हृदय से आभार व्यक्त करता है।
