जमशेदपुर : एग्रिको चौक के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों से मेयर सुधा गुप्ता ने मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए निजी स्तर पर 20 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर एवं प्रभावी बनाने की जरूरत है। इस संबंध में जल्द ही जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एग्रिको हादसे में यदि वाहन चालक की लापरवाही सामने आती है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. मेयर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल जांच और चालान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जमीन पर प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
